फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 सितम्बर 2025 जनपद में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “मिशन शक्ति” अभियान के विशेष चरण (फेज-5.0) के तहत एक भव्य साइकलोथॉन (मेगा इवेंट) आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थिति में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी और सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार द्वारा स्व0 ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फतेहगढ़ से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस रैली में बालक और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइकलोथॉन के दौरान हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ़ वूमेन, चाइल्ड लाइन और अन्य विभागीय टीमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं के साथ-साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जानकारी दी गई। साथ ही, विभागीय पम्पलेट और टोल फ्री नंबरों का वितरण कर जनमानस को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से संबंधित जनपद/राज्य स्तरीय संकेतकों जैसे लिंगानुपात, जन्म और मृत्यु दर, स्कूल ड्रॉप-आउट, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, संस्थागत प्रसव और बच्चों के प्रति हिंसा के मामलों पर समाज में जागरूकता फैलाना और सुधार के लिए कदम उठाना है।
इस अवसर पर सीओ सिटी, क्रीड़ा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जीजीआईसी प्रधानाध्यापिका और हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वूमेन की टीम समेत कई विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति अभियान के इस विशेष चरण के माध्यम से फर्रुखाबाद जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है।
