फर्रुखाबाद में स्वदेशी मेले में उमड़ी भीड़, मिलेट्स मेले में कृषकों ने साझा किए अनुभव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशानुसार चल रहे जनपद स्तरीय ट्रेड शो-2025 (स्वदेशी मेला) का नौवां दिन शुक्रवार को बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। फर्रुखाबाद के क्रिश्चियन कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस स्वदेशी मेले में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मेले की रौनक बढ़ा दी। लोगों ने स्वदेशी उत्पादों की जमकर खरीदारी की और “अपना बाजार फर्रुखाबाद – अपना उत्पाद फर्रुखाबाद” थीम को सार्थक किया।

मिलेट्स मेले में कृषकों और उद्यमियों की रही सक्रिय भागीदारी

दिनांक 17 अक्टूबर को मेले में मिलेट्स मेला का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० सांसद श्री मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार गौड़ सहित कृषि, उद्योग और विकास विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।

मा० सांसद श्री मुकेश राजपूत ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे अभूतपूर्व सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “आज भारत स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और इसमें हमारे कृषक एवं लघु उद्योगी सबसे बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।”

कृषकों को मिला मंच, साझा किए अपने अनुभव

कार्यक्रम में जिले के सफल कृषकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मिलेट्स (श्री अन्न) और जैविक खेती से न केवल मिट्टी की सेहत सुधरती है, बल्कि उत्पादों की बाजार मांग भी तेजी से बढ़ रही है। जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने किसानों से स्वदेशी उत्पादों और जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि “स्वदेशी उत्पाद ही हमारे स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था तीनों के लिए लाभकारी हैं।”

उद्योग एवं कृषि विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी

उद्योग एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने मंच से विभिन्न सरकारी योजनाओं, कृषि आधारित उद्योगों और निर्यात प्रोत्साहन कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। कृषकों और उद्यमियों को बताया गया कि किस प्रकार सरकारी सहायता से छोटे उद्योगों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है।

बंदियों के उत्पादों की हुई सराहना

मेले में केन्द्रीय कारागार फर्रुखाबाद के बंदियों द्वारा बनाए गए उत्पादों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। दर्शकों ने इन उत्पादों की खूब सराहना की और खरीदारी की। “अपना बाजार फर्रुखाबाद” सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र मेले में लगे “अपना बाजार फर्रुखाबाद, अपना उत्पाद फर्रुखाबाद” सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने उत्साहपूर्वक फोटो खिंचवाए।

18 अक्टूबर को होगा भव्य समापन

उपायुक्त उद्योग सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 (शनिवार) को सुबह 10 बजे स्वदेशी मेले का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा० सांसद श्री मुकेश राजपूत होंगे। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार शामिल होकर स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूकता फैलाएं और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।