मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ IIT कानपुर के ‘समन्वय’ कार्यक्रम में हुए शामिल।

कानपुर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2025 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर द्वारा आयोजित ‘समन्वय’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बीते लगभग छह दशकों में IIT कानपुर ने देश को तकनीकी क्षेत्र में नई दिशा और पहचान दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि IIT कानपुर न केवल इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी की शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है, बल्कि यह देश के नवाचार और शोध का भी आधारस्तंभ है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि अब यह संस्थान क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे अत्याधुनिक क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है, जो आने वाले समय में भारत की तकनीकी शक्ति को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने ‘समन्वय’ कार्यक्रम में मौजूद ऊर्जा और उत्साह से भरे छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवा ही भारत की असली ताकत हैं और तकनीकी ज्ञान के माध्यम से देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में IIT जैसे संस्थान अहम भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार शिक्षा, शोध और नवाचार को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी तकनीकी हब बन सके। इस आयोजन ने न केवल छात्रों को प्रेरित किया बल्कि तकनीकी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की संभावनाओं को भी एक नई दिशा दी है।