फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2025 जनपद के थाना कादरीगेट क्षेत्र में पशु क्रूरता का गंभीर मामला सामने आया है। गौ रक्षक रितेश पाल, निवासी बदनपुर, थाना राजेपुर, ने पुलिस को सूचना दी कि एक ट्रक (नंबर HR38V6900) में लगभग 60 भैंस और उनके छोटे बच्चे (पड़िए) को अमानवीय तरीके से बांधकर ग्राम सिरौली, थाना नवाबगंज से बरेली की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस सक्रिय हुई और समय करीब 12:00 बजे ट्रक को रोकते हुए चार संदिग्धों को मौके पर हिरासत में ले लिया गया। साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारी को भी तुरंत सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
गौरतलब है कि घटना के समय गंगा दशहरा मेले के चलते पांचाल घाट क्षेत्र में भारी भीड़ थी। ऐसे में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थाना राजेपुर पुलिस को भी सूचित किया गया। इसके बाद ट्रक में मौजूद सभी भैंसों और पड़ियों को सुरक्षित रूप से थाना राजेपुर क्षेत्र के प्राइमरी स्कूल में उतारा गया, जहां उनके लिए चारा और पानी की व्यवस्था की गई।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी घटना की पुष्टि अपर पुलिस अधीक्षक ने की है। उन्होंने बताया कि पशुओं की सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह मामला पशु तस्करी और क्रूरता के खिलाफ जिले में प्रशासन की सतर्कता का प्रमाण है, और यह सुनिश्चित करता है कि ऐसी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा।
