बिहारः जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने बताया जनता को किससे है गुस्सा

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति लोगों के मन में अब भी सम्मान है। लोग यह कहते हैं कि वह हैं तो विकास होगा ही पर नीचे स्तर पर अफसरों के कामकाज पर थोड़ा गुस्सा है। लोगों का कामकाज तरीके से हो इसके लिए एक मैकेनिज्म की जरूरत है। चार जिलों की अपनी यात्रा के क्रम में मिले फीडबैक पर पूर्व केंद्रीय मंज्ञी उपेंद्र कुशवाहा शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उनकी यात्रा का कार्यक्रम जदयू का कार्यक्रम है। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के परामर्श से तैयार हुआ है। इसलिए स्वाभाविक रूप से इस यात्रा के क्रम में मिल रहे फीडबैक से वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवगत कराएंगे।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इस यात्रा के दौरान यह बात भी उनके सामने आयी है कि जदयू के कार्यकर्ता सभी जगह हैं। सरकार के कामकाज पर वह लोगों से बात कर सकते हैं पर उन्हें और गति पकड़नी होगी। इस पर भी पार्टी के स्तर पर विचार होगा। उन्होंने कहा कि योजनाओं के कार्यान्वयन को लेकर उन्होंने कई जगह पर लोगों से बात की। इस क्रम में यह पाया कि लोग कह रहे हैं सब कुछ सही है पर सिस्टम को थोड़ा और अधिक दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।

उपेंद्र ने कहा कि यह संभव है कि कोराना की वजह से नीचे तक पार्टी के पदाधिकारियों या फिर कार्यकर्ताओं की गति प्रभावित हुई हो। पर इसे निश्चित रूप से देखा जाना चाहिए। लोगों की जो शिकायत दूर होनी चाहिए। अगर लोग स्थानीय अधिकारी की शिकायत कर रहे तो उसे देखना तो चाहिए ही।