बिहार: अनिता सिन्हा बनीं सम्यक पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष

बहुसंख्यक आम जनता की राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बनने के इरादे को लेकर आगे बढ़ रही सम्यक पार्टी ने अनिता सिन्हा को बिहार का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। अनिता सिन्हा ने बताया कि सम्यक पार्टी की लोकतांत्रिक विचारधारा से प्रभावित होकर इस पार्टी से जुड़ी हैं| सम्यक पार्टी लोकतांत्रिक संगठन और सोच की पार्टी है। सामाजिक न्याय के नाम पर बनीं पिछड़े और दलितों की पार्टियों में व्यक्तिवाद, परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद के कारण यह पार्टियां मजबूत होने के बजाय कमजोर होती जा रहीं हैं। इन्हीं कमियों के कारण आज तक बहुसंख्यकों की एक भी पार्टी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी नहीं बन पाई है। भाजपा और कांग्रेस जैसी पूंजीवादी और सामंतवादी सोंच की पार्टियां ही बारी-बारी से सत्ता में पहुंच रही हैं। इसीलिए सम्यक पार्टी में लोकतांत्रिक संगठन का ध्यान रखा गया है ताकि यह मजबूत हो सके और राष्ट्रीय स्तर की पार्टी बन सके ताकि केन्द्र की सत्ता के लिए भाजपा और कांग्रेस का विकल्प बन सके। राजनीति में महिलाओं की हिस्सेदारी बहुत कम है, अनिता सिन्हा के प्रदेश अध्यक्ष बनने से महिलाएं भी पार्टी से जुडेंगी और राजनीति में उनकी हिस्सेदारी बढ़ेगी।