फर्रुखाबाद में वृक्षारोपण को लेकर बड़ा कदम: 2025-26 में लगेंगे 3.7 लाख पौधे, जुलाई में होगा शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2025 पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में संपन्न हुई।

बैठक में वन विभाग के डीएफओ ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद फर्रुखाबाद में कुल 3,70,940 पौधे रोपने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के 27 विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें से अकेले वन विभाग द्वारा 16 लाख पौधे लगाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

जुलाई के प्रथम सप्ताह में वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। सभी विभागों की कार्ययोजनाएं प्राप्त हो चुकी हैं, लेकिन राजस्व विभाग व गृह विभाग द्वारा अभी तक गड्ढे खुदाई की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।

नगरीय क्षेत्रों में “ऑक्सी बन” (ऑक्सीजन पार्क) विकसित किए जाएंगे, जिससे शहरी वातावरण को स्वच्छ और प्रदूषण रहित बनाया जा सके। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर “ग्रीन चौपाल” का गठन किया जाएगा, जहां ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए तथा प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान इलेक्शन मोड पर चलाया जाएगा, जिसमें हर स्तर पर निगरानी और सक्रियता बनी रहेगी।

जिला गंगा समिति की बैठक में भी वृक्षारोपण की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए ताकि अभियान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, डीएफओ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), पीडी डीआरडीए, डीडीओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।