फर्रुखाबाद से बड़ी खबर: तीन दिन से लापता बालक की हत्या, आलू के खेत में मिला शव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 दिसम्बर 2025 जनपद के थाना जहानगंज क्षेत्र में तीन दिन से लापता 10 वर्षीय बालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार को बालक का शव एक आलू के खेत में पड़ा मिला, जबकि उसका कोट घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर दूसरे खेत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

थाना जहानगंज के ग्राम कोरीखेड़ा निवासी चंद्रप्रकाश गुप्ता ने अपने पुत्र 10 वर्षीय आशुतोष के लापता होने की तहरीर बीते दिनों थाने में दी थी। परिजनों के अनुसार आशुतोष बुधवार शाम करीब 5:30 बजे घर से बिना बताए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खेतों, रास्तों, आसपास के गांवों और अन्य संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और कन्नौज से डॉग स्क्वॉड भी बुलाया गया, लेकिन तब भी बालक का पता नहीं चल सका। रविवार को ग्राम कोरीखेड़ा निवासी रामस्वार्थ के खेत में गांव के कोटेदार पवन राजपूत पानी लगाने गए थे। इसी दौरान उन्हें खेत में एक बालक का कोट पड़ा दिखाई दिया। पवन ने इसकी सूचना लापता बालक के चाचा आदेश को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कोट की पहचान आशुतोष के कोट के रूप में की। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में भीड़ एकत्र हो गई।

खोजबीन के दौरान भरतापुर-झांसी मार्ग पर रंजीत शाक्य के आलू के खेत में आशुतोष का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां पूनम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आशुतोष एक बहन और तीन भाइयों में तीसरे नंबर का था।

प्रथम दृष्टया बालक की हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।