बरेली – सिरौली थाने से बिना सूचना सवा साल से ड्यूटी से गायब था सिपाही, एसएसपी ने किया निलंबित।

आंवला – सिरौली थाना में तैनात सिपाही कृपाल सिंह को ड्यूटी से सवा साल तक बिना सूचना गायब रहना भारी पड़ गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, कृपाल सिंह को 12 सितंबर 2023 को केंद्रीय कारागार की सुरक्षा ड्यूटी पर भेजा गया था। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह सात नवंबर को इज्जतनगर से सिरौली थाना लौटने वाला था, लेकिन उसने न तो थाने में हाज़िरी दी और न ही कोई सूचना दी। तब से वह लगातार गैरहाजिर चल रहा था। एसएसपी अनुराग आर्य ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए सिपाही कृपाल सिंह को निलंबित कर दिया। अब इस मामले की विस्तृत विभागीय जांच की जाएगी।

रिपोर्टर : परशुराम वर्मा जिला ब्यूरो चीफ
बरेली