बरेली/आंवला – बरेली के आंवला में स्थित स्वर्ण पैलेस में मंगलवार को दोपहर 12:00 बजे जिलाधिकारी बरेली की अध्यक्षता में निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण कार्यक्रम सामान्य निर्वाचन पंचायत 2026 में बीएलओ एवं सुपरवाइजर के कार्य की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
जिसमें संतोष कुमार सिंह अपर जिलाधिकारी बरेली, विदुषी सिंह एसडीएम आंवला, बृजेश कुमार सिंह तहसीलदार आंवला, दीप्ति पाल नायब तहसीलदार आंवला, रजनीश सक्सेना नायब तहसीलदार सिरौली, राजकुमार सिंह वीआरसी व सुपरवाइजर एवं बीएलओ आदि मौजूद रहे।
342 के सापेक्ष 14 बीएलओ अनुपस्थित रहे। इसके संबंध में संबंधित बीएलओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तहसीलदार आंवला, एसडीएम आंवला एवं अपर जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। जिसमें सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर व निर्वाचन में लगे सभी कर्मचारियों को सत्य निष्ठा पूर्वक निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कार्य करने को निर्देशित किया गया। संतोष कुमार सिंह अपर जिलाधिकारी बरेली द्वारा बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत निर्वाचन में बीएलओ एप से जिले में सबसे अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ को 10 हजार रुपये से पुरुस्कृत किया जाएगा एवं दूसरे बीएलओ को 8 हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा एवं अन्य 5 बीएलओ 3 हजार रुपये से पुरुस्कृत किया जायेगा। बीएलओ एप पर कार्य करने के लिए प्रत्येक बीएलओ को 200 रुपये दिए जाएंगे। यदि किसी के द्वारा कार्य में लापरवाही पाई गई तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर को क्षेत्र में सत्य निष्ठा के साथ निष्पक्ष पारदर्शी से समयबद्ध कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया तथा यह भी आश्वासन दिया गया कि किसी बीएलओ को सर्वे में कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। जिला प्रशासन हर समय बीएलओ के साथ है। किसी भी प्रकार से प्रलोभन, जातिवाद, क्षेत्रवाद से प्रभावित हुए बिना सर्वप्रथम राष्ट्रवाद को ध्यान में रखकर कार्य करें। मतदाता सूची को शुद्ध करें।
रिपोर्टर परशुराम वर्मा
