बागपत:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 दिसंबर 2025 जनपद में कन्या सुमंगला योजना के तहत हजारों बेटियों को आर्थिक संबल मिल रहा है। जिले की 18,911 बेटियों के खातों में योजना की राशि पहुंच रही है। अब योजना के अगले चरण का लाभ देने से पहले 13,120 बेटियों के भाई-बहनों का सत्यापन किया जाएगा। यदि सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि किसी परिवार में दो से अधिक भाई-बहन हैं और योजना में शामिल होने के बाद तीसरे भाई-बहन का जन्म हुआ है, तो ऐसी स्थिति में संबंधित बेटी को योजना से बाहर कर दिया जाएगा।
महिला कल्याण विभाग के अनुसार, कन्या सुमंगला योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों को दिया जाता है जिनमें दो से अधिक संतान नहीं होती। योजना के तहत प्रत्येक पात्र बेटी को छह चरणों में कुल 25,000 रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि बेटी के नाम से खुले बैंक खाते में सीधे जमा की जाती है।
छह चरणों में मिलता है लाभ
प्रथम चरण: बेटी के जन्म पर
द्वितीय चरण: जन्म के एक वर्ष के भीतर टीकाकरण पूर्ण होने पर
तृतीय चरण: कक्षा 1 में प्रवेश पर
चतुर्थ चरण: कक्षा 6 में प्रवेश पर
पंचम चरण: कक्षा 9 में प्रवेश पर
षष्ठम चरण: आगे की पढ़ाई जारी रखने पर
वर्तमान में बागपत जिले के ग्रामीण क्षेत्र की 5,444 और शहरी क्षेत्र की 7,676 बेटियों को अगले चरण की राशि देने की तैयारी है। इस प्रकार कुल 13,120 बेटियों को आगामी चरण का लाभ मिलेगा, लेकिन इससे पहले अधिकारी घर-घर जाकर भाई-बहनों की संख्या का सत्यापन करेंगे।
महिला कल्याण विभाग की सामाजिक कार्यकर्ता रेनू ने बताया कि यदि सत्यापन में किसी भी परिवार में दो से अधिक भाई-बहन पाए जाते हैं, तो संबंधित बेटी को आगे योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ तय मानकों के अनुसार सही पात्रों तक ही पहुंचे।
कन्या सुमंगला योजना बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उनके उज्जवल भविष्य की राह मजबूत हो रही है।
