फर्रुखाबाद में बाबा वीरेंद्र देव का आश्रम एक बार फिर सुर्खियों में आया , महिला को लेकर मचा हड़कंप

पड़ोसी देश नेपाल से आई महिला पर्यटक की बाबा वीरेंद्र देव आश्रम में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सेवादार देर शाम लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टर ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और डॉक्टर ने इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी।

नेपाल के जिला सिंधुपाल्चोक के थाना तोरणध्वज के गांव पांचपोखरी थाड़पाल निवासी सोमा सापकोटा (65) चार दिन पूर्व कंपिल स्थित बाबा वीरेंद्र देव के आश्रम में आई थी। आश्रम के सेवादार विनय यादव ने बताया कि महिला की रविवार शाम उसकी हालत बिगड़ गई। विनय यादव महिला को लेकर कायमगंज स्थित एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां जवाब दिए जाने पर महिला को लोहिया अस्पताल लाया गया। ईएमओ डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

सेवादार विनय ने बताया कि चार दिन पूर्व नेपाल के पांच पर्यटक आश्रम आए थे। महिलाएं दूसरी मंजिल पर रह रही हैं। सोमा की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल लेकर आए। शव को मोर्चरी में रखवा कर पुलिस को सूचना दी गई है।
डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने विदेशी महिला होने के कारण इसकी जानकारी जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को दी। सूचना मिलते ही आश्रम शहर के आश्रम की महिला सेवादार भी अस्पताल पहुंच गईं। कंपिल से आया सेवादार अधिक कुछ बताने को तैयार नहीं है। देर रात पुलिस ने सेवादार से जानकारी हासिल की।