फर्रुखाबाद कोतवाली में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 दिसंबर 2025 महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत कोतवाली फर्रुखाबाद परिसर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों एवं सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी देना रहा।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं महिला पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं को निर्भीक होकर अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट एवं जागरूकता सामग्री का भी वितरण किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरक संदेश दिए गए।

कोतवाली फर्रुखाबाद द्वारा आयोजित यह अभियान महिलाओं में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।