कन्नौज:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 कार्तिक माह की पूर्णिमा स्नान को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आज मेंहदी घाट (थाना कोतवाली क्षेत्र) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में की गई सुरक्षा, यातायात एवं श्रद्धालु-प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या भीड़भाड़ से बचने के लिए पूरे क्षेत्र को सेक्टरवाइज विभाजित किया गया है। वहीं, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस बल, फ्लड पीएसी और स्थानीय गोताखोरों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
स्नान क्षेत्र में आने वाले सभी प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल व पीएसी की तैनाती की गई है। साथ ही खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
डीएम व एसपी ने बताया कि घाट क्षेत्र एवं मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें ताकि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व शांतिपूर्वक एवं श्रद्धापूर्वक सम्पन्न हो सके।
