फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 कोविड-19 महामारी के दौरान जनसेवा में जुटीं 38 स्टाफ नर्सों को आज एक नई पहचान और स्थायित्व मिला। जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में इन सभी नर्सों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। यह समायोजन उत्तर प्रदेश शासन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत किया गया।
मुख्य सचिवालय, लखनऊ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में, जनपद फर्रुखाबाद में कार्यरत इन स्टाफ नर्सों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत उपलब्ध संविदा/आउटसोर्स रिक्त पदों पर समायोजित किया गया है। समायोजन की प्रक्रिया जिला स्वास्थ्य समिति से अनुमोदित एजेंसी के माध्यम से पूरी की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने सभी नियुक्त स्टाफ नर्सों को उनके भविष्य के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा एवं समर्पण के साथ पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोविड संकट के दौरान इन नर्सों की सेवाएं सराहनीय रही हैं और अब इनका अनुभव सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं को और भी सशक्त करेगा।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रंजन गौतम, कोविड नोडल अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.सी. माथुर, जिला सूचना अधिकारी तथा मीडिया प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।
इस पहल से न केवल इन स्टाफ नर्सों को सुरक्षा व स्थायित्व मिला है, बल्कि जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी एक नई ऊर्जा प्राप्त हुई है। शासन की यह मानवोचित पहल कोविड योद्धाओं के प्रति सम्मान और सराहना का प्रतीक है।
