फर्रुखाबाद में युवक पर जानलेवा हमला, ज्वैलर्स व उसके पिता पर गंभीर आरोप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 दिसंबर 2025 थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और धारदार हथियार से हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने थाना कादरीगेट में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित सुमित पुत्र स्वर्गीय रामआसरे, निवासी जीआईसी स्कूल के पास, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद ने बताया कि उसकी मौसी संतोषापुर गांव में रहती हैं, जहां उसकी मां कौशल्या देवी लगभग डेढ़ माह पूर्व गई थीं। उस दौरान पैसों की आवश्यकता होने पर चिलसरा मुख्य बाजार स्थित गौरव ज्वैलर्स की दुकान पर 200 ग्राम चांदी की पायल और चार ग्राम की अंगूठी मात्र 18 हजार रुपये में गिरवी रखी गई थी, जिसकी रसीद भी दी गई थी।

आरोप है कि बाद में जेवर वापस मांगने पर दुकानदार गौरव द्वारा टालमटोल की गई और जेवर नहीं लौटाए गए। 03 सितंबर 2025 को जेवर मांगने पर गौरव व उसके पिता रामबाबू ने सुमित के साथ गाली-गलौज व मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। तभी से आरोपी पक्ष रंजिश मानने लगा।

पीड़ित के अनुसार, 04 दिसंबर 2025 की रात करीब 9 बजे वह एक शादी समारोह में जा रहा था। रास्ते में घटियाघाट से मसेनी की ओर आरा मशीन के पास रामबाबू अपने चार अज्ञात साथियों के साथ शराब के नशे में पहुंचा और सुमित को रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसे और डंडों से बुरी तरह मारपीट की गई तथा रामबाबू ने धारदार हथियार से चेहरे व शरीर पर हमला किया। हमलावरों ने पीड़ित का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

मारपीट के दौरान सुमित मौके पर बेहोश हो गया, जिसे मरा समझकर आरोपी फरार हो गए। राहगीरों की मदद से उसे पास के एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार कराया गया। बाद में परिजन उसे घर ले आए और होश आने पर सुमित ने पूरी घटना बताई। इसके बाद लोहिया अस्पताल में उसका इलाज कराया गया।

पीड़ित ने थाना कादरीगेट में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।