फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 नवम्बर 2025 राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने एवं जनपद फर्रूखाबाद के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य विचार गोष्ठी/परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्मृति अग्निहोत्री द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया।
गोष्ठी में प्रधानाचार्य एन.ए.के.पी. शशि किरण सिंह, डॉ. शिवओम अम्बर तथा डॉ. रजनी सरीन ने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्य अतिथि माननीय विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान असंख्य देशभक्तों में देशप्रेम की भावना को प्रज्वलित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि देशवासियों के हृदय में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को सशक्त करने के लिए वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक नागरिक को वंदे मातरम का गायन करना चाहिए और इसके अर्थ को आत्मसात करना चाहिए, क्योंकि यही हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है।” कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष, भाजपा महामंत्री, जिला विकास अधिकारी सहित जनपद के सभी जिलास्तरीय अधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वंदे मातरम – राष्ट्रभक्ति का अमर स्वर, जिसने देश को आज़ादी के मार्ग पर अग्रसर किया।
