फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 नवम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में जनपद भ्रमण पर आए 12 प्रशिक्षु सिविल सेवकों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में मुख्य विकास अधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें जनपद की प्रशासनिक संरचना, विकास योजनाओं एवं चल रहे शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया। इसके पश्चात् सभी विभागों के अधिकारियों ने क्रमवार अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली, योजनाओं की प्रगति तथा जनहित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रशिक्षु सिविल सेवकों ने भी जनपद में विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया, चुनौतियों और नवाचारों के संबंध में अधिकारियों से संवाद किया। बैठक का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को जिले के प्रशासनिक कार्यों एवं विभिन्न विकास योजनाओं के जमीनी कार्यान्वयन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में संपन्न हुई।
