फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 अक्टूबर 2025 लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक सरदार पटेल जयंती से संबंधित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जिला स्तर एवं विधानसभा वार जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में पदयात्राओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पदयात्रा के दौरान एम्बुलेंस, सुरक्षा व्यवस्था और पेयजल व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल जी के योगदान और उनके एकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में वाद-विवाद, निबंध, भाषण तथा रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, ताकि युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से अपील की कि सरदार पटेल की जयंती को एकता, अखंडता और राष्ट्रीय चेतना के रूप में मनाया जाए, जिससे समाज में देशभक्ति की भावना और अधिक सशक्त हो सके।
