फर्रुखाबाद में संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 जुलाई 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में संचारी रोग नियंत्रण अभियान (1 जुलाई से 31 जुलाई) की प्रगति एवं आगामी दस्तक अभियान (11 जुलाई से 31 जुलाई) की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार ने जानकारी दी कि जनपद के 98 प्रतिशत विद्यालयों में जागरूकता रैली आयोजित की जा चुकी है। हालांकि माध्यमिक विद्यालयों में अपेक्षित कार्य न होने पर जिला विद्यालय निरीक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।

पंचायती राज विभाग द्वारा गांवों में आयोजित की जा रही प्रभात फेरियों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नवाबगंज, राजेपुर व मोहम्मदाबाद में खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और बेहतर कार्यवाही के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देशित किया कि जनपद के सभी हैंडपंपों व उनके प्लेटफॉर्म्स की मरम्मत तीन दिन के अंदर पूरी कराई जाए। समीक्षा के दौरान यह भी बताया गया कि

ड्रेनेज सफाई का कार्य 53 प्रतिशत

झाड़ियों की कटाई 59 प्रतिशत

फॉगिंग कार्य 58 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।

वहीं शहरी क्षेत्रों में ड्रेनेज क्लीनिंग की प्रगति धीमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को सचेत किया गया।

अभियान के दौरान अब तक 32 सैम (गंभीर रूप से कुपोषित) बच्चों की पहचान की गई है, जिनमें से 8 बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर दिया गया है। शेष सभी चिन्हित बच्चों की त्वरित स्क्रीनिंग कराने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।

कार्य में लापरवाही बरतने पर कमालगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, राजेपुर, कायमगंज और बढ़पुर की सीडीपीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, पीडी डीआरडीए, संबंधित विभागों के अधिकारीगण व चिकित्सकगण मौजूद रहे।