फर्रुखाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आई.टी. एक्ट विवेचना समीक्षा बैठक आयोजित।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अक्टूबर 25 पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह की अध्यक्षता में आई.टी. एक्ट से संबंधित विवेचनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, विवेचक अधिकारी तथा साइबर क्राइम प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने आई.टी. एक्ट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विवेचक अधिकारी गुण-दोष के आधार पर मामलों का शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध निपटारा विभागीय कार्यप्रणाली की पारदर्शिता और जनता के विश्वास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इसके साथ ही जेएमआईएस पोर्टल पर आई.टी. एक्ट से संबंधित अभियुक्तों की फीडिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। एएसपी डॉ. संजय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विवेचना कार्य की प्रगति का नियमित पर्यवेक्षण किया जाए ताकि निस्तारण की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार हो सके।

बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चर्चा की गई तथा इनसे निपटने के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों के प्रभावी उपयोग पर बल दिया गया। अंत में, अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से समन्वय एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।