फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 दिसंबर 2025 को फतेहगढ़ स्थित स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम के संबंध में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता में माननीय सांसद श्री मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा एवं पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल उपस्थित रहीं।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद श्री मुकेश राजपूत ने बताया कि जनपद स्तर पर सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बालक-बालिका, महिला-पुरुष, दिव्यांगजन एवं सीनियर सिटीजन सहित सभी वर्गों के खिलाड़ियों को खेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह खेल महोत्सव 7 दिसंबर से प्रारंभ होकर 26 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 14 दिसंबर को प्रस्तावित है, जिसमें संभावित रूप से उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि समापन समारोह 26 दिसंबर को आयोजित कर सभी विजेता एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा कई वर्षों से ऐसे खेल आयोजनों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिनके अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, मैराथन, खो-खो, बैडमिंटन एवं रस्साकस्सी जैसे विविध खेल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीनियर सिटीजन और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष रूप से सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक समान मंच प्रदान करना है।
श्री राजपूत ने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है तथा युवा वर्ग नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेलों की ओर अग्रसर होता है। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में लगभग 6400 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से चयनित 1800 खिलाड़ी इस महा आयोजन में भाग लेंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ समाज के निर्माण और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचंद वर्मा ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु जिला मंत्री श्री अमरदीप दीक्षित को लोकसभा समन्वयक (को-ऑर्डिनेटर) नियुक्त किया गया है।
पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल, जिला मंत्री श्री गोपाल राठौर, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री कर्मवीर सिंह यादव, डॉ. उदय प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
