फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी वृक्षारोपण अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के अंतर्गत आज जनपद फर्रुखाबाद में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुठरी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर विकास राज्य मंत्री व सीतापुर विधायक राकेश राठौर ‘गुरु’ ने भाग लिया और पौधारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 37 करोड़ पौधे रोपित करने का संकल्प लिया है। फर्रुखाबाद जनपद में 62,000 पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे जनसहयोग से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं, और कोरोना काल ने हमें ऑक्सीजन की महत्ता भलीभांति सिखा दी है। इसीलिए सरकार इस अभियान को “एक पेड़ मां के नाम” के रूप में चला रही है ताकि हर नागरिक उस पौधे की देखभाल अपनी मां की तरह करे।
इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि पर्यावरण असंतुलन से अनेक बीमारियां जन्म ले रही हैं। ऐसे में हर नागरिक को अपने घर या आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने इसे सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए कहा कि संगठन स्तर पर भी पूरे जनपद के प्रत्येक मंडल में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसमें कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला महामंत्री डीएस राठौर, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, आयुष सिंह राजपूत सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक जुड़ाव के अनूठे संयोजन के रूप में जनमानस में जागरूकता उत्पन्न कर रहा है। जनपद फर्रुखाबाद में इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं।
