फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अक्टूबर 2025 लौहपुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में आज जनपद फतेहगढ़ में एकता दौड़ ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडेय, सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद राजपूत, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, डीएस राठौर जन-प्रतिनिधियों, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन फतेहगढ़ से किया गया।
‘रन फॉर यूनिटी’ में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों, छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” का नारा लगाते हुए देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि सरदार पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उनके अदम्य साहस, संगठन शक्ति और देशभक्ति से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सरदार पटेल के योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
