फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 सितम्बर 25 (सूचना विभाग) आसूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा मा. प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व, कृतित्व, न्यू इंडिया@2047 तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित 15 दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ आज ऑफिसर्स क्लब परिसर, फतेहगढ़ में किया गया। यह प्रदर्शनी 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक चलेगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन जनपद के मा. प्रभारी मंत्री व जनप्रतिनिधियों द्वारा अपराह्न 01:00 बजे संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसे आमजन के लिए ज्ञानवर्धक बताया।
इस प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही, लोगों को इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु जागरूक करने पर विशेष बल दिया जाएगा।
उद्घाटन अवसर पर मा. सांसद मुकेश राजपूत, मा. विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, मा. विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी आमजन के लिए खुली रहेगी और आगामी 02 अक्टूबर तक लोग यहां आकर सरकार की योजनाओं एवं दृष्टिकोण से रूबरू हो सकेंगे।
