बरेली/आंवला। आंवला में सोमवार देर शाम बांके बिहारी पेट्रोल पंप के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में आंवला के पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घेवरा की गौटिया निवासी विमल अपने भतीजे सुमित के साथ बदायूं से मीरगंज की ओर वापस आ रहे थे। इसी दौरान रामनगर मार्ग पर बांके बिहारी पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना की मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मोटरसाइकिल सवार संजीव सक्सेना, विमल तथा सुमित तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों और ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए भिजवाया। जहां से संजीव सक्सेना और विमल दोनों की हालत चिंताजनक होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली/आंवला में सड़क हादसा, पूर्व चेयरमैन सहित तीन घायल, दो की हालत गंभीर, बरेली रेफर किया गया।
