शाहरुख खान की अगली फिल्म है ‘किंग’। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान भी नजर आने वाली हैं। यह फिल्म क्रिसमस वीकएंड पर पैन इंडिया स्तर पर रिलीज होगी। इसे लेकर दर्शकों के जबर्दस्त उत्साह है। उम्मीदें हैं कि बॉक्स ऑफिस पर भी यह धमाका करेगी। मगर, फिलहाल तो इसने म्यूजिक राइट्स की डील को लेकर धमाका किया है।
फिल्म ‘पठान’ की जबर्दस्त कामयाबी के बाद शाहरुख खान एक बार फिर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद के साथ ‘किंग’ में काम कर रहे हैं। खबरें हैं कि इस फिल्म के म्यूजिक राइट्स जी म्यूजिक ने भारी-भरकम कीमत में खरीदे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने 50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत में यह डील की है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इन खबरों पर जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज के एमडी और सीईओ पुनीत गोयनका ने ‘वैरायटी इंडिया’ से कहा कि बातचीत चल रही है, लेकिन अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘मैं कीमत के बारे में कोई टिप्पणी नहीं करता। हम बातचीत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई डील पक्की नहीं हुई है। बड़े स्तर पर देखें तो मुझे लगता है कि म्यूजिक सबसे अच्छे भविष्य वाले उद्योगों में से एक है, क्योंकि म्यूजिक एवरग्रीन होता है। वहीं, दूसरे तरह के कंटेंट की की शेल्फ लाइफ सीमित होती है’।
