एटा: सम्यक पार्टी की जिला स्तरीय बैठक एटा में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य एवं राष्ट्रीय सचिव तथा उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध उपस्थित रहे। कार्यक्रम में फिरोजाबाद के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह एवं टूंडला विधानसभा अध्यक्ष अजय कुशवाहा ने सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
अपने संबोधन में मनोहर बौद्ध ने कहा कि सम्यक पार्टी का उद्देश्य खंड-खंड में बंटी राजनीति को अखंड राजनीति में बदलना है। उन्होंने कहा कि जब तक जातिवाद, परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति समाप्त नहीं होगी, तब तक देश का लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो सकेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सम्यक पार्टी मजबूत स्थिति में रहेगी। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से परिवारवाद, वंशवाद और जातिवाद पर आधारित राजनीति को नकारकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के. के. मौर्य ने कहा कि सम्यक पार्टी किसी व्यक्ति या परिवार की निजी पार्टी नहीं, बल्कि आम जनता की पार्टी है। उन्होंने बताया कि पार्टी के संविधान के अनुसार प्रत्येक संगठनात्मक पद का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा, जिसके उपरांत लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नए पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी में प्रत्येक योग्य सदस्य को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद तक चुने जाने का समान अवसर प्राप्त है।
बैठक में एटा के जिला अध्यक्ष राजाराम शाक्य की अनुशंसा पर धन्ने कुमार शाक्य को जिला उपाध्यक्ष, गौरव कुमार को जिला सचिव तथा केशव सिंह, भूप सिंह और महाराज सिंह को जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक का संचालन राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) प्रोफेसर राम सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में बौद्धिक प्रकोष्ठ के आगरा मंडल अध्यक्ष रामधन शाक्य ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
