सबसे लंबा भारतीय गेंदबाज, 6 फीट 5 इंच लंबे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे का डेब्यू

गुरनूर बरार और हर्ष दुबे धर्मशाला में अपना डेब्यू इंटरनेशनल मैच खेल रहे हैं. अफगानिस्तान के भारत दौरे पर दोनों पहली बार नेशनल टीम में चुने गए थे और वनडे सीरीज के पहले ही मैच में उन्हें प्लेइंग 11 में मौका भी मिल गया. गुरनूर ने अपने पहले ही ओवर में विकेट चटकाकर ड्रीम डेब्यू किया है, वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले तीसरे सबसे लंबे गेंदबाज भी हैं.

हर्ष दुबे का जन्म 23 जुलाई, 2002 को महाराष्ट्र के पुणे शहर में हुआ था. 23 वर्षीय बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष डोमेस्टिक में विदर्भ टीम के लिए खेलते हैं. वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो बाएं हाथ से गेंदबाजी भी करते हैं.

हर्ष IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेले थे, जिन्होंने 8 मैचों में 8 विकेट चटकाए. उन्होंने आईपीएल में पिछले साल SRH के लिए खेलते हुए डेब्यू किया था, पिछले साल खेले 3 मैचों में उन्होंने 5 विकेट लिए थे.

हर्ष के लिस्ट ‘ए’ रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 30 मैचों में 31 विकेट लिए हैं और 296 रन बनाए हैं. टी20 की बात करें तो उन्होंने 38 मैचों में 34 विकेट लिए हैं. वह अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं.

वहीँ गुरनूर बरार को कप्तान शुभमन गिल ने डेब्यू कैप दी, 26 वर्षीय बरार भी पंजाब से आते हैं. उनका जन्म 25 मई, 2000 को मुक्तसर में हुआ था. वह तेज गेंदबाज हैं, जिन्हें अपनी हाइट का भी फायदा मिलता है. वह 6 फीट 5 इंच के हैं, वह इशांत शर्मा से भी लंबे हैं.

गुरनूर ने IPL में अपना एकमात्र मैच 2023 में खेला था. पंजाब किंग्स के लिए खेले उस मैच में उन्होंने 3 ओवर डाले थे, हालांकि वह कोई विकेट नहीं ले पाए थे. पिछले संस्करण (IPL 2026) में वह गुजरात टाइटंस में शामिल थे, जो टीम फाइनल तक पहुंची. हालांकि पूरे सीजन वह बेंच पर रहे. लेकिन इंटरनेशनल में उनका आगाज शानदार हुआ है. उन्होंने अपने पहले ही ओवर में इब्राहिम जादरान को आउट किया.

Leave a Comment