पीलीभीत : आवंटित गन्ना क्षेत्रफल के अतिरिक्त बाहर का गन्ना कदापि न क्रय किया जाये।

पीलीभीत मा. राज्यमंत्री, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें, उ.प्र. शासन संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में आज को पूर्वान्ह 11ः00 बजे जिला गन्ना कार्यालय कक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी, पीलीभीत, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, पीलीभीत, बीसलपुर, पूरनपुर, बरखेड़ा एवं मझोला, सचिव, सहकारी गन्ना विकास समिति लि., पीलीभीत, बीसलपुर, पूरनपुर एवं मझोला, मुख्य गन्ना अधिकारी, चीनी मिल बीसलपुर एवं पूरनपुर उपस्थित रहे। मा. राज्यमंत्री द्वारा पेराई सत्र 2022-23 में कृषकों के पास गन्ना क्षेत्रफल अनुसार ही उपज बढ़ोत्तरी लगाये जाने के निर्देश दिये गये। अनावश्यक रूप से उपज बढ़ोत्तरी न लगायी जाये। जिन चीनी मिलों द्वारा कीटनाशक एवं उर्वरक का वितरण किया जा रहा है, वे चीनी मिलें राजकीय दर पर ही वितरण किया जाये। किसी भी दशा में घटतौली की समस्या उत्पन्न न हो। यदि कही घटतौली सम्बन्धी प्रकरण प्रकाश में आता है, तो सम्बन्धित गन्ना पर्यवेक्षक का उत्तरदायित्व भी निर्धारित किया जायेगा। चीनी मिल बीसलपुर के मिल यार्ड में समुचित व्यवस्थायें चीनी मिल के प्रारम्भ होेने से पूर्व ही कर ली जायें। सभी चीनी मिलों के यार्ड में रास्ता, पानी पीने की व्यवस्था, शौचालय आदि की व्यवस्था पूर्ण की जायें। चीनी मिलों को आवंटित गन्ना क्षेत्रफल के अतिरिक्त बाहर का गन्ना कदापि न क्रय किया जाये। नियमानुसार इण्डेंट जारी किया जाये ताकि क्रयकेन्द्रों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। चीनी मिल यार्ड में 15 से 20 शौचायल की व्यवस्था करना सुनिश्चित किया जाये। प्रत्येक विकासखण्ड से 10-10 प्रगतिशील कृषकों की बैठक समिति स्तर पर आयोजित की जाये। प्राकृतिक गन्ने की खेती हेतु कृषकों को जागरूक किया जाये।

सवांददाता : रामगोपाल कुशवाहा