पीलीभीत :नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वाबलम्बन हेतु मिशन शक्ति फेज-03 अभियान का किया गया शुभारम्भ।

पीलीभीत : नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वाबलम्बन हेतु मिशन शक्ति फेज-03 का शुभारम्भ मा0 जिला पंचायत अध्यक्षा डॉ0 दलजीत कौर, जिलाधिकारी श्री पुलकित खरे एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार पी द्वारा दीप प्रज्जवलित कर गांधी प्रेक्षागृह में किया गया। मिशन शक्ति अभियान का तृतीय फेस का विशेष अभियान 21 अगस्त से 31 दिसम्बर के मध्य संचालित किया जायेगा। जिसके अन्तर्गत महिला अधिकारों, विभागों में संचालित विभिन्न योजनाओं, महिला हेल्प लाइन नम्बर, के प्रति जागरूक करने के साथ साथ विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन कर प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण उपस्थित नारी शक्ति द्वारा देखा एवं सुना गया।
इस अवसर पर मा0 जिला पंचायत अध्यक्षा ने कन्या सुमंगला योजना, बाल संरक्षण, निराश्रित महिला पेंशन सहित महिलाओं से सम्बन्धित विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुये कहा कि से अधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जाये।
जिलाधिकारी ने उपस्थित नारी शक्ति को सम्बोधित करते हुये कहा कि इस अभियान का मुख्य उददेश्य है कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ साथ सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जाये। उन्होंने कहा कि आज नारी शक्ति विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहीं हैं। आज पुलिस आरक्षी द्वारा सुरक्षा का कार्य, डाक्टर, नर्स के द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में बीमारियों से सुरक्षा एवं जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी अपने अपने क्षेत्र में कार्यरत रहते हुये जागरूक करने का कार्य करें। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति अवगत करायें। आज जो परिवार शिक्षा से दूर हैं उनके बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य शिक्षिकाओं द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य अपने अपने क्षेत्र में महत्वपूर्ण है, आशा और आंगनबाडी कार्यकत्री घर घर जाकर महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य के कार्य करती है तो शिक्षिकायें बच्चों के भविष्य के निर्माण का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाऐं आजीविका मिशन के तहत घर से बाहर निकलकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने साथ साथ अनेकों महिलाओं को रोजगार देने का कार्य कर रही है जनपद में अनेकों महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न कार्य किये जा रहे हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नारी स्वयं में एक शक्ति है। मात्र उसे जागरूक करने की आवश्यकता है और इनके कार्यक्रमों के अन्तर्गत जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान अम्बेडकर समूह बसन्तापुर की श्रीमती कमला ने अपनी सफलता की कहानी बताते हुये कहा कि समूहों के गठन के उपरान्त आज डेढ लाख से अधिक आय का अर्जन किया जा रहा है और महिलाओं को अपने साथ जोड़कर कार्य किया जा रहा है। लोधीपुर की परवीन ने कहा कि स्वयं सहायता समूह का कार्य करने से घर से बाहर निकलने का मौका मिला, आज समूहों के माध्यम से प्राप्त हो रही आय से अपने भाई बहन को पढ़ाने का कार्य स्वयं के द्वारा किया जा रहा है। आरक्षी सुमन पाण्डे ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं किसी भी महिला या बालिका को कोई समस्या या परेशानी होती है तो तत्काल डायल 1090 व 112 पर कॉल कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान आज विभिन्न विभागां व क्षेत्रों से सम्बन्धित 75 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सीमा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 अनीता चौरसिया, सहित पुलिस विभाग की 05, बहादुरी/शौर्य क्षेत्र में कार्य 05, चिकित्सा विभाग में 05 महिला डाक्टर व 05 महिला नर्स/आशा, कार्यकत्री, 10 स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष, शिक्षा विभाग की 05 शिक्षिकायें, माध्यमिक शिक्षा विभाग में 05 महिला शिक्षक व 05 उच्च शिक्षा विभाग की महिला शिक्षक, 10 आंगनबाडी कार्यकत्रियों, 10 महिला ग्राम प्रधानों एवं 05 महिला बी0सी0 सखियों को सम्मानित किया गया। रक्षाबन्धन के पावन अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्वयं की निर्मित राखियों का स्टॉल लगाकर बिक्री की गई। जिलाधिकारी ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुये उनसे उत्पाद बनाने के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। आयोजित कार्यक्रम के दौरान आज पुलिस विभाग द्वारा मिशन शक्ति पर आधारित महिला हेल्पलाइन नम्बरों पर आधारित छोटी सी बुकलेट का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अमिताभ अग्निहोत्री द्वारा किया गया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशान्त कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 सीमा अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

संवाददाता रामगोपाल कुशवाहा