पीलीभीत: कवि सतीश मिश्र की चौथी पुस्तक ‘अचूकवाणी’ हुई प्रकाशित, मिल रहीं बधाइयां, अगले सप्ताह होगा विमोचन

पीलीभीत। कवि व पत्रकार सतीश मिश्र ‘अचूक’ की चौथी पुस्तक ‘अचूकवाणी’ छपकर आ गई है। इसका विमोचन अगले सप्ताह कराया जाएगा। इस पुस्तक में लोगों को 114 रचनाएं विभिन्न विषयों पर पढ़ने को मिलेंगी।
पत्रकार व कवि सतीश मिश्र की तीन पुस्तकें अब तक प्रकाशित हुई थी। जिनमें मातेश्वरी गूंगा देवी, कलियुग के भगवान और लाक डाउन के शॉक लोगों द्वारा सराही जा रही हैं। अब उनकी चौथी पुस्तक अचूकवाणी का प्रकाशन हुआ है। यह पुस्तक इस बार दिल्ली के शब्दांकुर प्रकाशन द्वारा छापी गई है। प्रकाशक द्वारा आमेजॉन सहित कई ऑनलाइन माध्यमों पर इस पुस्तक की ऑनलाइन बिक्री शुरू करा दी गई है। रचनाकार सतीश मिश्र के पास पुस्तकें पहुंच रही हैं और अगले सप्ताह 9 जुलाई को इस पुस्तक का विमोचन कराए जाने की योजना है। इसी दिन रचनाकार सतीश मिश्र का जन्मदिन भी है। अजब संयोग है कि गत वर्ष उनकी लॉकडाउन के शॉक पुस्तक का विमोचन भी 9 जुलाई को ही हुआ था। श्री मिश्र ने बताया कि 123 पेज की इस पुस्तक में 114 रचनाएं विभिन्न विषयों पर संकलित की गई हैं। शुक्रवार शाम से ऑनलाइन बिक्री शुरू होते ही काफी अधिक लोगों ने इस पुस्तक का ऑनलाइन ऑर्डर कराया है।

इस पुस्तक में कोविड की दूसरी लहर का समाज के विभिन्न वर्गों व मीडिया पर प्रभाव, विभिन्न पर्वों पर लॉकडाउन का असर, आकाशवाणी, मां की महिमा, पिता, राम मंदिर निर्माण और विभिन्न देवी-देवताओं की स्तुतियां शामिल की गई हैं। इसके अलावा पीलीभीत जनपद के पर्यटन को प्रोत्साहित करने हेतु पीलीभीत का पर्यटन गीत पढ़ने को मिलेगा तो यहां के खूबसूरत हो रहे चौराहे व तिराहे, पिकनिक स्पॉट की प्राकृतिक सुंदरता व कई सम-सामयिक विषयों पर भी अनगिनत रचनाएं पढ़ने को मिलेंगी।

इस पुस्तक की भूमिका वरिष्ठ कवि व साहित्यकार पंडित राम अवतार शर्मा ने लिखी है। वरिष्ठ साहित्यकार व संस्कार भारती के सह साहित्य प्रमुख आचार्य देवेंद्र देव, फिल्मी गीत कार व प्रोड्यूसर राम अग्निहोत्री, प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राजपाल यादव, जिले के सांसद वरुण गांधी, विधायक बाबूराम पासवान, वरिष्ठ कवि साहित्यकार व आईएएस अधिकारी डॉक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा और पीलीभीत के जिलाधिकारी पुलकित खरे के संदेश भी इस पुस्तक में संकलित किए गए हैं।

सवांददाता: रामगोपाल कुशवाहा