फर्रुखाबाद में 38 बीज दुकानों पर छापेमारी, 21 नमूने लिए गए; 2 लाइसेंस निलंबित, 3 को कारण बताओ नोटिस

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 नवंबर 2025 किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मूल्य पर बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज जनपद की सभी तहसीलों में बड़े स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई प्रमुख सचिव कृषि, उ0प्र0 शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के आदेशानुसार कृषि विभाग एवं अन्य विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा की गई।

कुल 38 बीज दुकानों पर छापे

जिला कृषि अधिकारी बी.के. सिंह ने जानकारी दी कि छापेमारी कार्रवाई सदर, कायमगंज और अमृतपुर तहसीलों में की गई।

सदर तहसील: उप कृषि निदेशक एवं अपर जिला कृषि रक्षा अधिकारी

कायमगंज: जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता

अमृतपुर: उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी व अपर जिला कृषि अधिकारी

टीमों ने कुल 38 बीज दुकानों पर छापा डालते हुए 21 बीज नमूने गुणवत्ता जांच हेतु ग्रहित किए। इन नमूनों का परीक्षण जनपद के बाहर स्थित प्रयोगशाला में गोपनीय रूप से कराया जाएगा। रिपोर्ट अधोमानक पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण सहित विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

2 दुकानों के लाइसेंस निलंबित, 3 को नोटिस

छापेमारी के दौरान दुकान बंद कर चले जाने या आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर निम्न दुकानों पर कार्रवाई की गई।

निलंबित लाइसेंस

1. तिवारी बीज भंडार, कायमगंज – जाँच के समय आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर निलंबित।

2. प्रेम चन्द्र एंड सन्स, कम्पिल रोड, कायमगंज – आवश्यक अभिलेख न दिखाने पर निलंबित।

कारण बताओ नोटिस

3. हैप्पी खाद एवं बीज भंडार, वाहिदपुर – दुकान निरीक्षण के समय बंद पाई गई।

4. शांति बीज भंडार, बधार – निरीक्षण के दौरान दुकान बंद कर गायब।

5. माला बीज भंडार, अलीगंज रोड, कायमगंज – निरीक्षण के समय दुकान बंद पाई गई।

अभियान आगे भी जारी रहेगा

जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए छापेमारी अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने सभी बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया कि अपने प्रतिष्ठानों पर स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर, जिसे जिला कृषि अधिकारी कार्यालय द्वारा प्रमाणित कर उपलब्ध कराया जाता है, अनिवार्य रूप से रखें, अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।