24 घंटे में 284 लोगों की जापान में मौत, फिर से देश-दुनिया में कोरोना का खतरा

चीन में कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही भारत, जापान और अमेरिका जैसे देशों में भी नई लहर का खतरा मंडराने लगा है। इस बीच केरल सरकार ने सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना मेंडेटरी कर दिया है। सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक, ऑफिस, सोशल गैदरिंग और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में लोगों को मास्क पहनना होगा। साथ ही संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।

इधर, जापान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार (16 जनवरी) को 54 हजार 378 मामले दर्ज किए गए। राजधानी टोक्यो में 4,433 मामले सामने आए। मौत का आंकड़ा 284 रहा। 687 नए लोग अस्पताल में भर्ती हुए। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जापान में 15 जनवरी के बाद कोरोना के मामलों में उछाल आ सकता है।
भारत में शुक्रवार को 114 नए मामले सामने आए। हेल्थ मिनिस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक, देश में अभी 1,146 एक्टिव केस हैं। कोरोना के शुरुआती दौर से अब तक देश में 5 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
INSACOG के आंकड़ों के मुताबिक, COVID-19 के XBB.1.5 वैरिएंट के मामले बढ़कर 26 हो गए हैं। इंडियान SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने कहा कि XBB.1.5 वैरिएंट के मामले अब तक दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल समेत 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पाए गए हैं।
WHO ने नई गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, जिन मरीजों में संक्रमण के लक्षण मिले हैं, वो 10 दिनों के लिए आइसोलेशन में रहें। इसमें मास्क पहनने पर भी जोर दिया गया है। इसके पहले भी WHO ने लंबी यात्रा करने वाले यात्रियों से मास्क पहनने के लिए कहा था।
कोरोना worldometer के मुताबिक, दुनिया में अब तक 67 करोड़ 14 लाख 59 हजार 861 मामले सामने आ चुके हैं। 11 जनवरी 2020 को चीन के वुहान में 61 साल के बुजुर्ग की मौत हुई थी। ये दुनिया में कोरोना से होने वाली पहली मौत थी। इसके बाद मौत का सिलसिला बढ़ने लगा। अब तक 67 लाख 31 हजार 105 मौतें हो चुकी हैं।
चीन से आने वाले यात्रियों पर स्वीडन, जर्मनी, मलेशिया, कतर, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, मोरक्को, फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, अमेरिका, जापान, इजराइल, भारत, इटली और साउथ कोरिया ने प्रतिबंध लगाए हैं। यहां चीन से आने वाले यात्रियों को नेगेटिव कोरोना रिपोर्ट दिखानी होगी। मोरक्को ने तो चीन के यात्रियों को बैन ही कर दिया है। ताइवान ने भी चीन से आने वालों के लिए कोविड टेस्टिंग कंपलसरी की है। पाकिस्तान और फिलीपींस भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। थाईलैंड और न्यूजीलैंड ने कोई भी प्रतिबंध लगाने से मना कर दिया है।