फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अगस्त 2025 अमर शहीद वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की 194वीं जयंती एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आज नगर के ठंडी सड़क स्थित नवभारत सभा भवन में धूमधाम से आयोजित हुआ। इस अवसर पर समाज के अनेक दिग्गज नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा का प्रेरणादायी संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी के शौर्य, साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि – “जिस प्रकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे देश में उत्सव की तरह मनाई जाती है, उसी प्रकार रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती भी समाज के हर वर्ग द्वारा मनाई जानी चाहिए।”
उन्होंने समाज को शिक्षा, नशामुक्ति और जागरूकता की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें अपनी ऊर्जा दूसरों को नीचा दिखाने में नहीं बल्कि खुद को आगे बढ़ाने में लगानी चाहिए।
पूर्व सभासद श्यामसुंदर उर्फ लल्ला वर्मा की टीम ने मुख्य अतिथि का भव्य स्वागत किया और उन्हें जिले की सीमा से रिसीव कर समारोह स्थल तक लाए। इस अवसर पर परशुराम वर्मा को प्रदेश कार्यकारिणी का अध्यक्ष घोषित किया गया।
कार्यक्रम में विलंब
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री बी.एल. वर्मा निर्धारित समय से करीब 4 घंटे विलंब से दोपहर 2 बजे कार्यक्रम में पहुंचे। बावजूद इसके कार्यक्रम में मौजूद जनसैलाब ने पूरे जोश और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
सपा नेत्री उर्मिला राजपूत का विवादित बयान
कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व विधायक श्रीमती उर्मिला राजपूत के संबोधन ने माहौल में सनसनी फैला दी। उन्होंने लोधी समाज के अलग-अलग संगठनों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि – “पहले केवल अखिल भारतीय लोधी महासभा ही समाज का प्रतिनिधित्व करती थी, मगर आज 8–10 संगठन खुल गए हैं। यह संगठन राजनीतिक स्वार्थों से जुड़े हुए हैं और अपने कार्यक्रमों में दूसरे दल के नेताओं को अछूत मानकर बुलाते तक नहीं हैं।”
उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कमजोर लोगों को हमेशा बलि का बकरा बनाया जाता है। साथ ही उन्होंने खुद के राजनीतिक जीवन के संघर्ष और अपमान की पीड़ा साझा की। उर्मिला राजपूत ने भाजपा नेताओं पर हमला बोलते हुए सजातीय लोगों से कहा कि – “अयोध्या जाकर देखो, मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कल्याण सिंह, उमा भारती और साक्षी महाराज का कहीं नाम तक नहीं है। हम इन्हें अपना गौरव मानते हैं लेकिन भाजपा इन्हें गौरवशाली मानने को तैयार नहीं है।”
अन्य वक्ताओं के विचार
विपिन वर्मा डेविड (राष्ट्रीय अध्यक्ष लोधी महासभा एवं विधायक एटा) ने कहा कि भारत की आजादी में लोधी समाज का बड़ा योगदान रहा है। बंथलशाहपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने समाज को सतर्क रहने की सलाह दी।
अर्चना वर्मा (महापौर शाहजहांपुर) ने कहा कि इतिहास में रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान को छुपाया गया है, लेकिन अब नई पीढ़ी को सही इतिहास से अवगत कराना होगा।
रेखा वर्मा (विधायक विधूना) ने महिलाओं को नारी सशक्तिकरण के लिए वीरांगना की तरह साहसी और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
उत्तम चंद राकेश लोधी (प्रदेश अध्यक्ष) ने कहा कि फर्रुखाबाद जनपद से लोधी समाज का एक विधायक होना चाहिए।
पूर्व सांसद प्रो. रामबक्स सिंह वर्मा ने सर्व समाज की एकजुटता पर बल दिया।
सम्मान और आयोजन की विशेषताएं
समारोह में करीब 250 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें प्रदेश प्रभारी हरिपाल सिंह लोधी, महिला मोर्चा क्रांति लोधी, जितेन्द्र लोधी, महेशचंद्र राजपूत, डा. धर्मेन्द्र राजपूत, पुष्पेंद्र राजपूत, पंकज राजपूत एडवोकेट, अजय सिंह फौजी सहित अनेक लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामगोपाल वर्मा ने की और संचालन मातादीन लोधी ने किया।
इस प्रकार फर्रुखाबाद में आयोजित यह समारोह एक ओर जहां वीरांगना अवंतीबाई लोधी के शौर्य और बलिदान की याद दिलाने वाला रहा, वहीं दूसरी ओर नेताओं के बयानों और समाज की आंतरिक राजनीति ने इसे सुर्खियों में ला दिया।
