फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अगस्त 2025 जिले के कायमगंज क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गोदाम नगला गांव के रहने वाले रामअवतार शाक्य के पुत्र 17 वर्षीय अमलेश शाक्य को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे पहले कायमगंज सीएचसी और फिर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद ले जाया गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, घटना अचानक हुई और युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है। गोली लगने से काफी खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। फिलहाल फतेहगढ़ पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। परिवारजन पुलिस से जल्द कार्रवाई और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि पिछले कुछ महीनों में फर्रुखाबाद जिले में आपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है। लूट, चोरी और हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल 17 वर्षीय अमलेश शाक्य का जीवन-मरण से संघर्ष जारी है और पूरे गांव की निगाहें उसके इलाज पर टिकी हुई हैं।
