लखीमपुर खीरी : किसानों की समस्याओं का ज्ञापन देने के बाद भी समाधान न होने पर राकिशसं ने सत्याग्रह करने का लिया निर्णय, प्रशासन से मांगी सुरक्षा

लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने उपजिलाधिकारी महोदया प्रतीक्षा त्रिपाठी को किसानों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से यह अवगत कराया गया कि जिले की बजाज ग्रुप की चीनी मिलो ने खरीदे गन्ने के भुगतान किए जाने में गन्ना नियंत्रण आदेश 1966 का उल्लंघन कर गन्ना पेराई सत्र के लगभग 6 महीना और पेराई सत्र समाप्त होने के लगभग दो महीने व्यतीत होने के बाद भी महज 19 दिन का भुगतान किया गया है। ज्ञापन में यूरिया खाद की अनियमितताओं का जिक्र करते हुए बताया गया कि 2 मई 2026 को गोला गोकर्णनाथ के रेलवे स्टेशन पर सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड की 600 बोरी यूरिया खाद रैक को एक ट्रांसपोर्टर द्वारा समिति के खाद गोदाम ममरी पर उतारने जाते समय ट्रांसपोर्टर के ड्राइवर द्वारा गोला से महज दो किलोमीटर दूर रास्ते में ग्राम कंजा के पास सड़क किनारे यूरिया खाद को बिक्री किये जाने लगा था जिसे ग्रामीणों ने पकड़ा जिसका वीडियो शोसल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसकी तहरीर किसान संगठन द्वारा गोला कोतवाली में दी गई। किन्तु ट्रांसपोर्टर के विरुद्ध आज तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही किए जाना आमजन को (धरातल पर) दिखाई नहीं दिया जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया उक्त समस्या को लेकर दिनांक 1 अप्रैल 2026 को प्रदेश की गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ओ और 8 मई 2026 को जिले के जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन देकर चीनी मिलों के खरीदे गन्ने का भुगतान कराने और प्रदेश में यूरिया खाद की किल्लत होने के बाद भी यूरिया खाद को ट्रांस्पोर्टर द्वारा रास्ते में बिक्री किये जाना एक गम्भीर प्रश्न है जिसके विरुद्ध उचित कार्यवाही किए जाने को लेकर अवगत भी कराया गया था पर अभी तक किसानों की समस्याओं का कोई भी समाधान नहीं हो सका है जिससे किसानों में रोष व्याप्त है।
राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा ने बताया किसानों की समस्याओं को अवगत कराने के बाद भी न ही आज तक गन्ना भुगतान किया गया और न ही ट्रांसपोर्टर के ड्राइवर द्वारा यूरिया खाद की बिक्री करते हुए पकड़े जाने पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई की गई। जिसको लेकर राष्ट्रीय किसान शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पटेल श्री कृष्ण वर्मा के नेतृत्व में किसानों के साथ 10 जून से सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड गोला गोकर्णनाथ के प्रांगण मे सत्याग्रह करेगा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने सत्याग्रह को लेकर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है जिससे शांतिपूर्ण तरीके से सत्याग्रह किया जा सके।

Leave a Comment