फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 जनपद के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक युवती के लापता होने और कथित धर्मांतरण के आरोपों को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवती के परिजनों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और युवती की बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम मॉडल शंकरपुर निवासी वेदपाल जाटव की 19 वर्षीय पुत्री प्रज्ञा, जो बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है, 13 फरवरी 2026 को मेजर शिवदयाल सिंह डिग्री कॉलेज मोहम्मदाबाद पढ़ने के लिए गई थी, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने अगले दिन 14 फरवरी को थाना मोहम्मदाबाद में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों का आरोप है कि उनकी पुत्री को मोहम्मदाबाद के अवन्तीवाई नगर निवासी महफूज नामक युवक अपने साथ ले गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में युवक के परिवार के कुछ सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब परिजन आरोपित पक्ष के घर जानकारी लेने पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस को अवगत कराया, लेकिन अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
युवती के परिवार के साथ कुछ सामाजिक संगठनों ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने भी जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो मोहम्मदाबाद कोतवाली का घेराव किया जाएगा।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और युवती की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
