फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 मार्च 2026 जनपद में रसोई गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर गैस वितरकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, एलपीजी कंपनियों के प्रतिनिधि तथा पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रतिदिन अपने शो-रूम पर स्वयं उपस्थित रहेंगे और उपभोक्ताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करेंगे।
निर्देश दिया गया कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी स्थिति में बाद में बुकिंग कराने वाले उपभोक्ता को पहले सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा बिना केवाईसी और बिना बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर देने पर रोक लगाई गई है। उपभोक्ता गैस एजेंसी पर जाए बिना भी अपने स्मार्टफोन के माध्यम से केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तथा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के बाद ही गैस रिफिल की डिलीवरी की जाएगी। बिना बुकिंग के रिफिल सिलेंडर देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला प्रशासन ने ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी गैस एजेंसी या गोदाम पर किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी, थाना या डायल 112 को सूचना दे सकते हैं।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
