फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ में विशेष किशोर पुलिस इकाई व मानव तस्करी रोधी टीम की समीक्षा बैठक, बचाव अभियान चलाने के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मार्च 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में नोडल अधिकारी (SJPU एवं AHT) पुलिस उपाधीक्षक अमरपाल सिंह द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन फतेहगढ़ में विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) एवं मानव तस्करी रोधी इकाई (AHT) की मासिक प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान बच्चों से जुड़े अपराधों की रोकथाम तथा उनकी सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक अमरपाल सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों से संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए और जरूरत पड़ने पर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर पीड़ित बच्चों को सुरक्षित कराया जाए।

इस दौरान भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, मानव तस्करी तथा अनैतिक देह व्यापार जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में संबंधित इकाइयों को नियमित रूप से अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी इकाइयों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। बैठक में मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Comment