फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मार्च 2026 जनपद में दहेज उत्पीड़न और महिला हिंसा का एक और गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि दहेज की मांग और बेटी के जन्म से नाराज ससुराल पक्ष ने एक नवविवाहिता की फांसी लगाकर हत्या कर दी। मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष के खिलाफ थाना गुरसहायगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम पचपुखरा निवासी श्रीकृष्ण शाक्य के पुत्र लोकेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन रजनी की शादी 25 नवंबर 2020 को थाना गुरसहायगंज के मोहल्ला रामगंज निवासी सुभाष चंद्र शाक्य के पुत्र अंकित के साथ हुई थी। शादी में लगभग 5 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था और लगातार बाइक की मांग को लेकर रजनी को प्रताड़ित करता रहा।
तहरीर के अनुसार रजनी ने एक पुत्री इशिका को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार और अधिक कठोर हो गया। पति अंकित, सास मिथलेश कुमारी, जेठ प्रशांत और जेठानी नीरज पर आरोप है कि वे दहेज की मांग को लेकर रजनी को लगातार परेशान करते थे और अंकित की दूसरी शादी कराने की बात कहकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
बताया गया कि 22 जून 2023 को ससुराल पक्ष ने रजनी को घर से निकाल दिया था। इसके बाद 30 जून को रजनी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया था। मामला परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां समझौता होने के बाद पति अंकित उसे वापस अपने साथ घर ले गया था। हालांकि इसके बाद भी उसके साथ उत्पीड़न जारी रहा।
लोकेंद्र ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिली कि उसकी बहन रजनी ने फांसी लगा ली है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो रजनी का शव घर में पड़ा था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे।
पीड़ित भाई का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
