फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 जून 2026 शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवाब न्यामत खां में रहने वाली दो युवतियों को कथित रूप से धमकाने और अभद्रता करने के मामले में घटना के लगभग दो माह बाद न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है और वह अपनी बहन के साथ ताऊ-ताई के संरक्षण में रह रही है। आरोप है कि 3 अप्रैल की रात करीब 10 बजे, जब उसके ताऊ दवा लेने बाहर गए हुए थे, तभी गुंजन विहार कॉलोनी निवासी डॉ. कुलदीप राजपूत और श्याम नगर निवासी प्रतिपाल श्रीवास्तव उर्फ रवि उनके घर पहुंचे।
पीड़िता का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने उसके चचेरे भाई से रुपये के लेन-देन का हवाला देते हुए दबाव बनाया और कहा कि यदि रुपये नहीं मिले तो दोनों बहनों को अपने साथ ले जाएंगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की तथा कपड़े उतारकर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी दी।
बताया गया है कि घटना के दौरान युवतियों ने आरोपियों का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने रेलवे रोड चौकी में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद न्यायालय की शरण लेने पर मुकदमा दर्ज हो सका।
न्यायालय के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने डॉ. कुलदीप राजपूत और प्रतिपाल श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
