पीलीभीत में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत

कलीनगर के गांव सेल्हा में 27 जून की रात विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खाया, जिससे उसकी मौत हुई।

माधोटांडा क्षेत्र के गांव महाराजपुर निवासी महानंद विश्वास ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री सुनीता की आठ माह पूर्व सेल्हा गांव निवासी मंटू हालदार के साथ शादी हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति दहेज और 50 हजार रुपये की मांग करने लगा।

मांग पूरी न होने पर नशे की हालत में विवाहिता के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि 27 जून 2024 को पुत्री का उसके पति से झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान पुत्री ने उसके मोबाइल फोन पर काॅल की। जिसमें मारपीट की आवाज आ रही थी।

कॉल कटने के बाद मोबाइल बंद हो गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली की पुत्री की मौत हो गई। इसके बाद रात करीब ढाई बजे परिजन मौके पर पहुंच गए। घर के आंगन के ही विवाहिता का शव पड़ा मिला। ससुराल के लोग घर से फरार थे। सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।शुक्रवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर पति के अलावा ससुर और उसके भाइयों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया। घटना के बाद से ससुराल के लोग घर से फरार भी हो गए। एसओ अचल कुमार ने बताया कि मृतका की सेल्हा गांव में दूसरी शादी हुई थी। 27 जून को महिला के मोबाइल पर फोन आने को लेकर पति से विवाद हुआ था।

जिसके बाद महिला बच्चों के साथ अलग कमरे में सोने चली गई। रात को जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। उनसे बातचीत की जा रही है।

Leave a Comment