केन्द्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित विशेष जन-सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कासगंज के सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन मा० जिला अध्यक्ष (भाजपा) श्री नीरज शर्मा एवं मा० सदर विधायक कासगंज श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
गोष्ठी में डॉ० बीला रानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कासगंज, डॉ० संजीव सक्सैना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक संयुक्त जिला चिकित्सालय कासगंज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनपद के निजी क्षेत्र के चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं से समाज के सभी वर्गों को लाभ प्राप्त हो रहा है तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। साथ ही योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।
विचार गोष्ठी में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी जन-जागरूकता बढ़ाने, रोगों की रोकथाम तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर निक्षय पोषण पोटली कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के 52 क्षय (टीबी) रोगियों को मा० जिला अध्यक्ष (भाजपा) श्री नीरज शर्मा एवं मा० सदर विधायक कासगंज श्री देवेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा पोषण पोटलियों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत क्षय रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य सुधार एवं उपचार को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का समापन स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ किया गया।

