प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री एवं जनपद कासगंज के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद सोरों क्षेत्र में निर्माणाधीन पेयजल योजना का किया स्थलीय निरीक्षण।
कासगंज, 05 जून 2026। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री एवं जनपद कासगंज के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद सोरों क्षेत्र में निर्माणाधीन पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्माण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल योजना का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका परिषद सोरों की पेयजल योजना की कुल स्वीकृत लागत 27 करोड़ 12 लाख रुपये है (सेंटेज को छोड़कर) जिसके सापेक्ष अब तक 26 करोड़ 26 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। योजना के अंतर्गत नगर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि शेष कार्यों को शीघ्रता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर जनता को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

