कासगंज: केंद्र सरकार के 12वर्ष पूर्ण होने पर जन कल्याण कार्य एवं जनजागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित।

05 जून 2026, कासगंज।
केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी शासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून 2026 तक आयोजित किए जाने वाले “समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान” के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों के संचालन तथा जनसहभागिता सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक गतिविधि में अधिकतम जनसहभागिता प्राप्त की जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि 08 जून से 14 जून 2026 तक विभिन्न विभागों द्वारा विशेष जन-संपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों के साथ संवाद, उद्योग विभाग द्वारा उद्यमियों एवं व्यापारियों के साथ गोष्ठी, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षकों एवं बुद्धिजीवियों के साथ बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं नगर निकाय एवं पंचायत राज विभाग द्वारा स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे तथा सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 12 एवं 13 जून 2026 को सूचना विभाग के माध्यम से मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्रमों की पूर्व तैयारी पूर्ण कर लें, कार्यक्रम स्थलों की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ एवं वीडियो क्लिपिंग समय से उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग एवं समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया।

Leave a Comment