फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 लीटर कच्ची शराब बरामद, 60 किलो लहन किया गया नष्ट

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 नवम्बर 2025 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में चल रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आज कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई।

आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 श्री सुधांशु चौधरी अपनी टीम के साथ अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण की रोकथाम के उद्देश्य से संदिग्ध ग्राम ममापुर में दबिश देने पहुंचे। दबिश के दौरान टीम ने 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि 60 किलोग्राम लहन (कच्ची शराब बनाने की सामग्री) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

अवैध शराब बरामदगी के मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

इसके अतिरिक्त, कायमगंज क्षेत्र में स्थित आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण भी किया गया, जिसमें स्टॉक रजिस्टर, POS मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था तथा CCTV कैमरों का परीक्षण किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता ने बताया कि —“जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।”

इस अभियान के दौरान आबकारी विभाग की सख्त निगरानी से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।