जनपद सीतापुर में पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों संग की संवाद बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर साझा की प्राथमिकताएं

(द दस्तक 24 न्यूज़) ,17 जून 2025 पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित दधीचि सभागार में जनपद के सभी पत्रकार बंधुओं के साथ संवाद बैठक का आयोजन किया। बैठक का उद्देश्य जनपद में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा अपराधों के त्वरित अनावरण हेतु पत्रकारों के सहयोग से एक सशक्त तंत्र विकसित करना रहा।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। लूट, चोरी, अपहरण व अन्य आपराधिक घटनाओं पर शीघ्रता से कार्रवाई की जा रही है, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारी से समन्वय स्थापित कर पुष्ट तथ्यों के आधार पर खबरों को आमजन तक पहुंचाएं। साथ ही, किसी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना के प्रसार को रोकने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आलोक सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर श्री अमन सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में पारस्परिक संवाद और सहयोग की भावना के साथ जनहित में सकारात्मक दिशा में कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।