विश्व पटल पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली दो विभूतियों को सम्मानित करेगी योगी सरकार

योगी सरकार यूपी दिवस पर विश्व पटल पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली दो विभूतियों को सम्मानित करेगी। सरकार इन विभूतियों को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित करेेगी। गौरव सम्मान के लिए समिति द्वारा लखनऊ की मिशन निदेशक के रूप में चंद्रयान मिशन में अहम भूमिका निभाने वाली वैज्ञानिक डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव और फोब्स‚ फॉर्च्यून जैसी पत्रिकाओं के कवर पर नियमित रूप से छाए रहने वाले कानपुर के उद्यमी नवीन तिवारी का चयन किया गया।
गौरव सम्मान के लिए चयनित वैज्ञानिक डॉ. ऋतु करीधल श्रीवास्तव लखनऊ की रहने वाली हैं। उन्होंने भारत के मार्स से ऑर्विटर मिशन‚ मंगलयान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं। वह इस मिशन की उप संचालन निदेशक भी थीं। मंगलयान इसरो की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक था। इसने भारत को मंगल ग्रह पर पहुंचने वाला दुनिया का चौथा देश बना दिया था।
डॉ. ऋतु करीधल ने लखनऊ विश्वविद्यालय से भौतिकी में अपनी बीएससी की पढ़ाई पूरी की। वह छह महीने तक लखनऊ विश्वविद्यालय में शोध छात्रा रही हैं। उन्हें वार्षिक दीक्षांत समारोह 2019 के दौरान लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा डीएससी की मानद उपाधि (मानद डॉक्टरेट) से सम्मानित किया गया है। करीधल 1997 से इसरो के लिए काम कर रही हैं। एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए वह आईआईएससी‚ बैंगलोर में भी रही हैं।
फोब्स व फॉर्च्यून जैसी पत्रिकाओं के कवर पर नियमित रूप से छपने वाले कानपुर के नवीन तिवारी उत्तर प्रदेश और भारत को दुनिया में गौरवान्वित कर रहे हैं। उन्होंने दो यूनिकॉर्न बनाए और भारत को अपना पहला यूनिकॉर्न दिया।
उन्होंने दुनिया में सबसे बड़ा स्वतंत्र मोबाइल एडटेक प्लेटफॉर्म स्थापित किया है‚ जो यूपी व भारत के स्थानीय व्यवसायों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय दर्शकों से जोड़ता है। उनका लॉक स्क्रीन सॉफ्ट वैश्विक स्तर पर 40 करोड़ से अधिक स्मार्टफोन पर मौजूद है। उद्यमी नवीन ने भारत को विश्व मंच पर स्थापित करने के साथ ही 26 देशों में उपस्थिति दर्ज की है।