गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का हुआ भव्य उद्घाटन — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी रहे मौजूद

गाजियाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 अक्टूबर 2025 उत्तर प्रदेश आज गाजियाबाद शहर के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ जब भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने अपने कर-कमलों से यशोदा मेडिसिटी का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति महोदया ने यशोदा मेडिसिटी की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि “डबल इंजन सरकार का प्रयास है कि हेल्थ केयर सेक्टर में एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा हो, ताकि प्रत्येक नागरिक को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में निजी व सरकारी दोनों स्तरों पर निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यशोदा मेडिसिटी जैसी संस्थाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वस्थ भारत” के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी, उद्योगपति और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। यशोदा मेडिसिटी की ओर से बताया गया कि अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे गाजियाबाद और आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को उच्चस्तरीय इलाज के लिए दिल्ली या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यशोदा मेडिसिटी की पूरी टीम एवं गाजियाबाद जनपद के वासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।